सिरमौर में पोंटा में पुलिस कर्मी के साथ बदसलूकी मामले का आरोपी गिरफ्तार 

 

नाहन, 04 जून (हि.स.)। सिरमौर जिला के तहत पांवटा साहिब में खाकी को सरेआम ठेंगा दिखाने का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां ड्यूटी पर जा रहे एक पुलिस जवान के साथ बीच सड़क पर न केवल बदतमीजी की गई, बल्कि उसके साथ बेरहमी से मारपीट भी की गई। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस महकमे और स्थानीय जनता में भारी आक्रोश है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित पुलिस जवान वर्तमान में 6th IRBn में तैनात है और इन दिनों पांवटा साहिब के तारूवाला में बने ईवीएम स्ट्रांग रूम की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात है।

घटना के वक्त जवान दोपहर का खाना खाने के बाद अपने घर से वापस ड्यूटी के लिए तारूवाला की तरफ जा रहा था। जब वह गोंदपुर के पास पहुंचा, तो सड़क पर आगे चल रहा एक वाहन चालक बेहद लापरवाही और खतरनाक तरीके से गाड़ी चला रहा था, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ था। पुलिस जवान ने थोड़ा आगे जाकर उस गाड़ी चालक को सही तरीके से वाहन चलाने का इशारा किया और उसे सावधानी बरतने को कहा। जवान द्वारा दी गई यह सीख आरोपी को इतनी नागवार गुजरी कि उसने अपनी गाड़ी को पुलिसकर्मी की स्कूटी के आगे अड़ाकर उसे रोक लिया। गाड़ी से उतरते ही आरोपी ने पुलिसकर्मी के साथ गाली-गलौज और बदतमीजी शुरू कर दी।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने बीच सड़क पर ही पुलिस जवान के साथ हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी। वहां मौजूद कुछ राहगीरों ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह आरोपी निहत्थे पुलिसकर्मी पर हावी हो रहा है।

वीडियो वायरल होने और पीड़ित जवान की शिकायत के बाद सिरमौर पुलिस तुरंत एक्शन में आई। एएसपी सिरमौर योगेश रोल्टा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि इस संबंध में थाना पांवटा साहिब में आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 126(2), 132, 115(2), 352, 351(2) और 351(3) के तहत सरकारी कर्मचारी की ड्यूटी में बाधा डालने, मारपीट करने, धमकी देने और रास्ता रोकने का मामला दर्ज किया गया है।

एएसपी कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी यह वीडियो हमारे ध्यान में आया था। पीड़ित जवान की शिकायत पर तुरंत एफआईआर दर्ज कर आरोपी फरमान( निवासी सहारनपुर ) को राउंडअप (हिरासत में) कर लिया गया है। इस मामले की तफ्तीश को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द चालान तैयार कर आरोपी को न्यायालय के माध्यम से सख्त सजा दिलाई जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर