पोंटा में होली मेले को तैयारियां जोरो पर, एक करोड़ 1 लाख के टेंडरों से सजेगा होली दरबार
नाहन, 25 फ़रवरी (हि.स.)। गुरु नगरी पोंटा साहेब में इस वर्ष होली उत्सव का शाही आगाज़ होने जा रहा है। नगर परिषद ने मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है और टेंडरों की बरसात से खजाना भी भर गया है।
जानकारी के मुताबिक मेले के प्लॉटों की बोली से 47 लाख रुपये की आय हुई, जबकि लाइट और पार्किंग के टेंडर 54 लाख रुपये में संपन्न हुए। इस प्रकार कुल मिलाकर लगभग 1 करोड़ 1 लाख रुपये की राशि नगर परिषद के खजाने में दर्ज हुई है।
कार्यकारी अधिकारी कंचन बाला ने बताया कि कि इस बार तमाम टेंडर ऑनलाइन प्रक्रिया से पारदर्शिता के साथ संपन्न किए गए हैं। सांस्कृतिक संध्या और कुछ अन्य कार्यक्रमों के टेंडर अभी शेष हैं, जिन्हें शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।उन्होंने यह भी ऐलान किया कि होली का यह महोत्सव पूरे ठाठ-बाट और धूमधाम से मनाया जाएगा। स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर दिया जाएगा, जिससे रंगों के इस पर्व में संस्कृति और परंपरा की झलक भी दिखाई दे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर