पांवटा के किसानों के लिए राहत भरी खबर, गेहूं की रुकी पेमेंट जल्द होगी जारी
नाहन, 25 सितंबर (हि.स.)। पांवटा साहिब के किसानों से जुड़ी गेहूं की लंबित पेमेंट और किसान कार्ड बनाने में आ रही समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन का प्रतिनिधिमंडल पांवटा साहिब एसडीएम कार्यालय पहुंचा। किसानों ने प्रशासन के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याएं रखते हुए जल्द समाधान की मांग की।प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि किसानों की गेहूं की राशि लंबे समय से रुकी हुई है, जिसके कारण किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने मांग रखी कि लंबित भुगतान को जल्द से जल्द उनके खातों में डलवाया जाए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल ने कृषि विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया और किसानों के साथ उनकी समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान गेहूं की लंबित राशि को लेकर संबंधित अधिकारियों से भी जानकारी ली गई। बैठक के दौरान सामने आया कि 159 किसानों की करीब 7 करोड़ 13 लाख रुपये की गेहूं की राशि लंबित है। इसको लेकर एसडीएम पांवटा साहिब ने संबंधित डायरेक्टर से भी बातचीत की। किसानों को आश्वासन दिया गया कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर यह राशि किसानों के बैंक खातों में पहुंच जाएगी।
इसके अलावा किसानों ने किसान कार्ड बनाने की प्रक्रिया में आ रही विभिन्न परेशानियों को भी प्रमुखता से उठाया। किसानों ने दस्तावेजों, प्रक्रिया और अन्य तकनीकी दिक्कतों का समाधान करवाने की मांग की। एसडीएम ने कृषि विभाग के अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए और प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को गंभीरता से लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर