पीएमएफएमई योजना में मंडी की छलांग, प्रदेश में तीसरे स्थान पर
मंडी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिकीकरण योजना पीएमएफएमई के प्रभावी क्रियान्वयन में जिला मंडी ने प्रदेश में तृतीय स्थान प्राप्त किया है। योजना के तहत जिले में अब तक 328 आवेदन अनुमोदित किए जा चुके हैं। इससे जिले में सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों को नई गति मिलने के साथ-साथ स्थानीय उद्यमियों और युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय समिति (डीएलसी) की बैठक में यह आंकड़े प्रस्तुत किए गए। बैठक में 20 मार्च, 2026 तथा 12 अगस्त, 2026 को आयोजित डीएलसी बैठकों की कार्यवाही की समीक्षा भी की गई तथा समिति द्वारा 20 नए प्रकरणों को अनुमोदित किया गया।
उपायुक्त ने योजना के तहत अब तक हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत आने वाले प्रकरणों में विविधता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि जिले में अनाज, फल, सब्जियां, दुग्ध उत्पाद, मसाले तथा हर्बल एवं औषधीय उत्पादों सहित विभिन्न प्रकार की सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि पीएमएफएमई योजना की जानकारी जिले के दूर-दराज क्षेत्रों तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र युवा एवं उद्यमी योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा