प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर हिमाचल में होंगे विशेष कार्यक्रम : डॉ. राजीव बिंदल

 


नाहन, 06 अक्टूबर (हि.स.)।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन में सेवा के 25 वर्ष 7 अक्टूबर को पूर्ण हो रहे हैं। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश में 17 संगठनात्मक जिलों और 68 विधानसभा क्षेत्रों में ‘विकसित भारत संकल्प सभा — सेवा ज्योति यात्रा’ के माध्यम से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। डॉ. बिंदल मंगलवार को नाहन विधानसभा क्षेत्र के क्यारी और कौलावाला भूड़ पंचायतों में आयोजित विभिन्न बैठकों के अवसर पर बोल रहे थे।

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सत्ता को सेवा का माध्यम बनाया और सेवा को अपने जीवन का लक्ष्य बनाया। राष्ट्र सेवा, गरीबों की सेवा, किसानों की सेवा, बहनों की सेवा और युवाओं की सेवा को उन्होंने सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री देश को नई दिशा और नई गति प्रदान कर रहे हैं।डॉ. बिंदल ने कहा कि इसी कड़ी में नाहन विधानसभा क्षेत्र में 7 अक्टूबर को बर्मा पापड़ी पंचायत में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें पूरे विधानसभा क्षेत्र से भाई-बहन एकत्रित होकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का प्रेरणादायी संबोधन सुनेंगे।

डॉ. बिंदल ने कहा कि पूरे हिमाचल प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाकर 7 अक्टूबर को प्रातः 10:00 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन सुना जाएगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे बड़ी संख्या में इन कार्यक्रमों में सहभागिता करें और प्रधानमंत्री के संदेश को अवश्य सुनें। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का संकल्प नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का संकल्प है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर