प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिन पर शिमला में रक्तदान शिविर और दीपमाला का आयोजन

 


शिमला, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर वीरवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राजधानी शिमला में भी भाजपा और भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने रक्तदान शिविर सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर भाजयुमो जिला शिमला की ओर से रक्तदान शिविर लगाया गया। इसके अलावा शिमला विधानसभा क्षेत्र के फागु, बालूगंज स्थित माता कामना मंदिर और शिमला ग्रामीण के सुन्नी में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।

रिज मैदान पर आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ भाजपा शिमला जिला अध्यक्ष केशव चौहान और भाजयुमो जिला अध्यक्ष सुमित ठाकुर ने स्वयं रक्तदान कर किया। सुमित ठाकुर ने कहा कि भाजयुमो हर वर्ष प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर सामाजिक कार्यों का आयोजन करता है। इसी कड़ी में इस वर्ष रिज मैदान पर रक्तदान शिविर लगाया गया है। उन्होंने कहा कि शिविर में कम से कम 76 यूनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है। उनके अनुसार जिला शिमला के साथ ही प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर भाजयुमो की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर शिमला में शाम के समय भाजपा प्रदेश कार्यालय दीपकमल और ऐतिहासिक जाखू मंदिर में सामूहिक दीपमाला का आयोजन भी किया जा रहा है। इसके साथ ही शहर में 'आशीर्वाद का दीया' अभियान के तहत लोगों से अपने-अपने घरों में दीप जलाने का आह्वान किया गया है। भाजपा जिला अध्यक्ष केशव चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को सेवा और संकल्प का काल बताया। उन्होंने कहा कि मोदी ने दुनिया में भारत की नई पहचान बनाने और विकसित भारत 2047 का लक्ष्य सामने रखा है। चौहान ने धारा 370 हटाने, राम मंदिर निर्माण, आयुष्मान भारत और तीन तलाक को समाप्त करने जैसे कार्यों का उल्लेख करते हुए इन्हें देशहित से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा