संघ के शताब्दी वर्ष पर नाहन में निकला भव्य पथ संचलन, जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
नाहन, 22 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। इसमें जिले की चार संघ इकाइयों के स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से भाग लिया। पथ संचलन की अध्यक्षता विद्या भारती के प्रांत संगठन मंत्री ज्ञान चंद्र ने की।
नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ संघ की प्रार्थना और अध्यक्षीय संबोधन के साथ हुआ। इसके बाद स्वयंसेवकों ने अनुशासित ढंग से पथ संचलन शुरू किया। चौगान से आरंभ हुआ यह संचलन शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस चौगान मैदान में संपन्न हुआ। शहर में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और सांसद सुरेश कश्यप भी स्वयंसेवक के रूप में पथ संचलन में शामिल हुए।
इस मौके पर विद्या भारती के प्रांत संगठन मंत्री ज्ञान चंद्र ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व्यक्ति निर्माण के उद्देश्य को लेकर कार्य करता है और एक सशक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है। संघ अपनी विभिन्न शाखाओं और गतिविधियों के माध्यम से समाज कल्याण तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आया है।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी के आंदोलन में भी संघ की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, हालांकि इतिहास की पुस्तकों में इसका अपेक्षित उल्लेख नहीं मिलता। कोरोना महामारी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस कठिन दौर में संघ के स्वयंसेवकों ने अपनी जान की परवाह किए बिना जरूरतमंदों की सेवा की। उन्होंने कहा कि संघ ने समय-समय पर विभिन्न चुनौतियों का सामना करते हुए समाज सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया है।
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर