डॉ. यशवंत सिंह परमार की जयंती पर मुख्यमंत्री सुक्खु ने दी श्रद्धांजलि

 

शिमला, 04 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री व हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार की 120वीं जयंती मंगलवार को पूरे सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु ने मंत्रिमंडल के सदस्यों, कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ ऐतिहासिक रिज मैदान स्थित डॉ. परमार की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान डॉ. परमार के हिमाचल प्रदेश के निर्माण और विकास में दिए गए योगदान को याद किया गया।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु ने कहा कि डॉ. यशवंत सिंह परमार का हिमाचल प्रदेश के निर्माण, विकास और उसके हितों की रक्षा में ऐतिहासिक और अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग हर वर्ष उनकी जयंती पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाते हैं तथा इस वर्ष भी उनकी जयंती उसी भावना के साथ मनाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि डॉ. परमार के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा में भी डॉ. यशवंत सिंह परमार को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास की जो मजबूत नींव डॉ. परमार ने रखी थी, वह आज भी सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनके विचार सार्वजनिक जीवन में मार्गदर्शन देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. परमार के आदर्शों और उनके बताए मार्ग पर चलकर प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए काम करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने लोगों से भी उनके विचारों से प्रेरणा लेने और हिमाचल प्रदेश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा