पराशर का तीन दिवसीय सरनाहुली मेला 14 जून से होगा शुरू , तैयारियां पूरी
मंडी, 08 जून (हि.स.)। मंडी जिले का तीन दिवसीय जिला स्तरीय सरनाहुली पराशर मेला 14 जून से शुरू होने जा रहा है। एसडीएम सदर मंडी रूपिंद्र कौर ने सोमवार को डी.आर.डी.ए. समिति हॉल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने बताया कि यह मेला लोक आस्था का प्रतीक है। इस वर्ष मेला 14 से 16 जून तक मनाया जाएगा। मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी समुचित प्रबंध किए जाएंगे।
रूपिंद्र कौर ने स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ सहित स्वास्थ्य जांच शिविर, जल शक्ति को समुचित पेयजल सप्लाई, पेयजल टैंकर, विद्युत विभाग को विद्युत आपूर्ति, हिमाचल पथ परिवहन निगम को मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात बस सुविधा, लोक निर्माण को सड़कों के मरम्मत, साइन बोर्ड, पर्यटन विभाग को भी पराशर की ओर जाने वाली सड़क के किनारे विभिन्न स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने, अग्नि शमन विभाग को अग्नि शमन वाहन तैनात करने, खाद्य आपूर्ति विभाग को खाद्य सामर्गी की गुणवत्ता पर पैनी नजर रखने, पुलिस विभाग को कानून व पार्किंग व्यवस्था आदि के पुख्ता इंतजाम करने को निर्देशित किया है।
उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों को तय समय के भीतर अपेक्षित तैयारियां पूरी करने के निर्देश दे दिए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय मेला समिति के साथ समन्वय स्थापित करके आयोजित होने वाली सांस्कृतिक व खेल गतिविधियों संबंधी सभी तैयारियां तय समय में पूरी कर ली जाएं।
उन्होंने संबंधित विभागों को अपने विभाग से संबंधित विकास कार्यों को लेकर प्रदर्शनियां व स्टॉल लगाने को भी कहा है। बैठक में मेले के सफल कार्यान्वयन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा