जिंदग मंडी में हाई-टेंशन तारों में फंसा विदेशी पैराग्लाइडर, तीन घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित निकाला
मंडी, 10 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आसमान में उड़ान भर रहा एक विदेशी पैराग्लाइडर अचानक अनियंत्रित होकर राष्ट्रीय उच्च मार्ग के ठीक ऊपर से गुजर रही हाई-टेंशन बिजली की तारों में उलझ गया और जमीन से करीब 200 फीट की ऊंचाई पर हवा में ही लटक गया। इस खौफनाक मंजर को देखकर मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों के होश उड़ गए, क्योंकि हाई-टेंशन लाइनों में हर वक्त दौड़ने वाला हाई-वॉलटेज करंट सीधे तौर पर मौत को दावत दे रहा था। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और जिला प्रशासन को दी, जिसके बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आया और पायलट की जान बचाने के लिए युद्ध स्तर पर एक बड़ा और बेहद पेचीदा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
हादसे की भयावहता को देखते हुए सबसे पहले विद्युत विभाग से संपर्क कर क्षेत्र की बिजली सप्लाई को पूरी तरह से कटवाया गया ताकि करंट लगने के खतरे को खत्म किया जा सके। इसके तुरंत बाद राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर ट्रैफिक को रोककर सुरक्षा घेरा बनाया गया और पायलट को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए एक विशेष बड़ी हाइड्रोलिक क्रेन को मौके पर बुलाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पायलट हवा के तेज थपेड़ों और तारों के बीच बेहद नाजुक संतुलन बनाकर लटका हुआ था और उसकी जान पूरी तरह से आफत में फंसी हुई थी। क्रेन के पहुंचने के बाद रेस्क्यू टीम के जांबाज सदस्यों ने क्रेन के बूम के सहारे 200 फीट की ऊंचाई तक पहुंच बनाई और बेहद सावधानी व सूझबूझ के साथ पैराग्लाइडर के धागों और विंग को बिजली की तारों से अलग करने की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान नीचे खड़े सैकड़ों लोगों की सांसें थमी रहीं।
करीब तीन घंटे तक चली कड़ी मशक्कत, भारी तनाव और सूझबूझ के बाद रेस्क्यू टीम विदेशी मूल के इस रुूसी पायलट तक सुरक्षित पहुंचने और उसे क्रेन की बास्केट में सुरक्षित बिठाकर नीचे उतारने में कामयाब रही। नीचे उतरते ही डॉक्टरों की टीम ने पायलट का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें राहत की बात यह रही कि इतनी बड़ी ऊंचाई पर घंटों लटके रहने के बावजूद पायलट को कोई गंभीर शारीरिक चोट नहीं आई थी और वह पूरी तरह से सुरक्षित है।
स्थानीय प्रशासन की त्वरित कार्रवाई, बिजली विभाग की मुस्तैदी और रेस्क्यू टीम की जांबाजी की बदौलत राष्ट्रीय उच्च मार्ग के ऊपर होने वाला यह भीषण हादसा एक बड़े चमत्कार के साथ टल गया और एक विदेशी नागरिक को मौत के मुंह से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा