पंचायत चुनावों के लिए हमीरपुर में पहले दिन भरे गए 1572 पर्चे
हमीरपुर, 07 मई (हि.स.)। जिला परिषद हमीरपुर के 19 वार्डों, जिला की सभी 6 पंचायत समितियों के कुल 119 वार्डों और जिला की कुल 242 ग्राम पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान तथा वार्ड सदस्यों सहित कुल 1860 पदों के लिए तीन चरणों में होने वाले चुनावों की नामांकन प्रक्रिया वीरवार को आरंभ हो गई।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन जिला में कुल 1572 नामांकन पत्र भरे गए हैं।
उन्होंने बताया कि जिला परिषद के लिए कुल 15 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। 6 पंचायत समिति के सदस्यों के लिए 131 पर्चे भरे गए। इनमें बीडीसी सुजानपुर के लिए 18, बीडीसी हमीरपुर 11, बीडीसी बमसन 24, बीडीसी भोरंज 29, बीडीसी बिझड़ी 22 और बीडीसी नादौन के लिए 27 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।
जिला की विभिन्न पंचायतों में प्रधान के पदों के लिए 363 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। इनमें से विकास खंड सुजानपुर में 28, हमीरपुर में 42, बमसन 43, भोरंज 94, बिझड़ी 88 और नादौन ब्लॉक की पंचायतों में 68 पर्चे भरे गए।
इसी प्रकार, पंचायत उपप्रधान के पद के लिए जिले भर में 316 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। विकास खंड सुजानपुर और हमीरपुर में 30-30, बमसन में 36, भोरंज 77, बिझड़ी 83 और नादौन में 60 पर्चे भरे गए।
पंचायत सदस्य के पदों के लिए जिले भर में कुल 747 नामांकन पत्र प्राप्त हुए। विकास खंड सुजानपुर में 71, हमीरपुर में 99, बमसन 87, भोरंज 211, बिझड़ी 170 और नादौन में 109 पर्चे भरे गए।
गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि इन पंचायतीराज संस्थाओं के विभिन्न पदों के लिए 8 और 11 मई को भी सुबह 11 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकते हैं।
12 मई को सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की जांच शुरू होगी। 14 और 15 मई को सुबह 10 से दोपहर बाद 3 बजे तक उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र वापस ले सकते हैं। 15 मई की शाम को ही उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए जाएंगे।
उपायुक्त ने बताया कि 26 मई को 83 पंचायतों में, 28 मई को 82 पंचायतों में और 30 मई को 77 पंचायतों में सुबह 7 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक मतदान होगा। पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के चुनाव परिणाम उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे। जबकि, पंचायत समिति और जिला परिषद के मतों की गिनती 31 मई को सुबह 9 बजे सभी ब्लॉक मुख्यालयों में आरंभ होगी।
उन्होंने बताया कि जिला में कुल मतदाताओं की संख्या 3,63,699 है। इनमें 1,83,851 महिलाएं और 1,79,846 पुरुष हैं। थर्ड जेंडर के 2 लोगों के नाम भी मतदाता सूचियों में दर्ज हैं
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला