पंचायती राज चुनाव : मंडी के करसोग में 82.69 और निहरी में 81.4 प्रतिशत मतदान

 


मंडी, 28 मई (हि.स.)। पंचायती राज चुनाव-2026 के दूसरे चरण में मंडी जिला के विकास खंड करसोग में पंचायती राज संस्थाओं के लिए 82.69 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। रिटर्निग अधिकारी एवं एसडीएम करसोग गौरव महाजन ने बताया कि विकास खंड करसोग में दूसरे चरण में 12 ग्राम पंचायतों में वोट डाले गए। इनमें ग्राम पंचायत ममेल, चौरीधार, तेबन, ग्वालपुर, महोग, रिछणी, नांज, दछैण, बगैला, मैंहडी, खादरा और बतालादहल शामिल है।

उन्होंने बताया कि इन ग्राम पंचायतों में कुल 14872 मतदाताओं में से कुल 12298 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। इनमें महिला मतदाताओं की संख्या 6220 रही जबकि पुरुष मतदाताओं की संख्या 6078 दर्ज की गई है। वहीं पर विकास खंड निहरी में 81.4 प्रतिशत मतदान हुआ है। किंदर पंचायत में सबसे अधिक, धन्यारा में सबसे कम मतदान दर्ज किया गया।

विकास खंड निहरी की सात पंचायतों में वीरवार को दूसरे चरण के तहत मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक चली। इस दौरान कुल 81.4 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिसमें 79.79 प्रतिशत पुरुष तथा 83.02 प्रतिशत महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। विकासखंड निहरी में दूसरे चरण के दौरान कुल 6268 मतदाताओं ने मतदान किया, जिनमें 3158 पुरुष तथा 3110 महिलाएं शामिल रहीं।

निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने जानकारी दी कि मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लिया। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से मतदान संपन्न करवाया गया। उन्होंने बताया कि विकासखंड निहरी की ग्राम पंचायत किंदर में सबसे अधिक 93.2 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि ग्राम पंचायत धन्यारा में सबसे कम 64.9 प्रतिशत मतदान हुआ। पंचायतवार मतदान में ग्राम पंचायत घरोट में 84 प्रतिशत, शेगल में 82.2 प्रतिशत, गलयोग सिणी में 82.9 प्रतिशत, बलग में 87.1 प्रतिशत, निहरी में 79.1 प्रतिशत, धन्यारा में 64.9 प्रतिशत व किंदर में 93.2 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा