पंचायत चुनावों में 75 फीसदी जीत के भाजपा के दावे सिर्फ ख्याली पुलाव : विक्रमादित्य सिंह

 


शिमला, 27 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों के पहले चरण के नतीजों के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल द्वारा पंचायत चुनावों में 75 फीसदी जीत का दावा किए जाने पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने भाजपा के दावों को ख्याली पुलाव और बेबुनियाद बयानबाजी बताते हुए कहा कि पंचायत चुनावों की प्रकृति को समझे बिना राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है।

विक्रमादित्य सिंह ने बुधवार को कहा कि पंचायत चुनाव किसी राजनीतिक दल के चुनाव नहीं होते, यह स्थानीय स्तर पर व्यक्ति की पहचान, मेहनत और जनता के भरोसे पर आधारित होते हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या पंचायत चुनाव जीतने वाले उम्मीदवारों पर भाजपा या राजीव बिंदल का कोई ठप्पा लगा हुआ है। उनका कहना था कि जो उम्मीदवार जीतकर आए हैं, उन्होंने अपनी व्यक्तिगत कार्यशैली, स्थानीय जनसमर्थन और लोगों के विश्वास के दम पर जीत हासिल की है।

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि भाजपा बिना किसी ठोस आधार के बड़े-बड़े दावे कर रही है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों के अभी दो चरण बाकी हैं और पूरी तस्वीर सामने आने के बाद ही वास्तविक स्थिति साफ होगी। ऐसे में पहले चरण के आधार पर राजनीतिक निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।

विक्रमादित्य सिंह ने पंचायत चुनावों को विधानसभा या लोकसभा चुनावों का सेमीफाइनल बताए जाने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि हर चुनाव की अपनी अलग प्रकृति और गरिमा होती है। पंचायत चुनाव स्थानीय मुद्दों, गांवों की जरूरतों और क्षेत्रीय नेतृत्व पर आधारित होते हैं, जबकि विधानसभा और लोकसभा चुनावों में राजनीतिक मुद्दे और समीकरण अलग होते हैं। इसलिए पंचायत चुनावों को बड़े चुनावों का सेमीफाइनल बताना पूरी तरह गलत है।

उन्होंने नगर निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए दावा किया कि कांग्रेस ने वहां अच्छा प्रदर्शन किया है और आने वाले नगर निगम चुनावों में भी पार्टी बेहतर नतीजे हासिल करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में जो भी प्रतिनिधि जीतकर आएगा, राज्य सरकार उसके साथ मिलकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाएगी।

विक्रमादित्य सिंह ने यह भी कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पंचायत और निकाय चुनावों को लेकर पार्टी का विस्तृत पक्ष अलग से जनता के सामने रखेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा