मंडी में रही पालकी उत्सव की धूम, कई ग्रामीण देवी देवताओं की पालकियां भी हुई शामिल
मंडी, 20 नवंबर (हि.स.)। श्री सत्य साई बाबा के 101 वें जन्म दिवस के मौके पर शुक्रवार को मंडी में भव्य पालकी उत्सव का आयोजन किया गया। इस उत्सव में श्री सत्य साई बाबा की पालकी के साथ साथ 12 ग्रामीण देवी देवताओं की पालकियां भी देव ध्वनि व देवलुओं के साथ शामिल हुई। इस पालकी शोभायात्रा के दौरान मंडी शहर भक्ति रस से सराबोर रहा। बड़ी तादाद में भक्तों व जनता ने इसमें भजन कीर्तन करते हुए भाग लिया। मंडी में 18 नवंबर से 23 नवंबर तक श्री सत्य साई बाबा का 101 वां जन्म दिन मनाया जा रहा है, जिसमें विभिन्न धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। प्रभात फेरी भी निकाली जा रही है। 23 नवंबर को जन्म दिवस के मौके पर मंडी शहर के समखेतर स्थित साईं चरण कमल मंदिर में विशेष आयोजन होंगे जिसमें 3 घंटे तक विशेष भजन होंगे।
शुक्रवार को इन कार्यक्रमों की लड़ी में इस मौके पर नारायण सेवा यानी भंडारे का आयोजन भी आशीर्वाद भवन में किया गया, जिसमें बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यह जानकारी देते हुए श्री सत्य साईं बाबा समिति के योगेंद्र पाल सरोच व रेवती रमण ने बताया कि पालकी उत्सव में श्रद्धालुओं व देवलुओं के साथ देवी चतुर्भजा पुरानी मंडी, देवी उग्रतारा टारना, देवी नवदुर्गा टांडू, देवी शांकभरी सैण, देव पंचबीर ब्रहमा मैगल, माता भैरव काली मंडी, बाबा सिधुवीर पहाड़िया टारना मंगवाई, श्री देवी महाकाली समखेतर, मूल देवी महाकाल सुकोदरी समखेतर मंडी, देवी श्यामाकाली रूहंज व देव थान ब्रहमा नेरी मैगल व देव माहूनाग टारना शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा