पालमपुर में 1287 कनाल भूमि पर कब्जे के प्रयास का आरोप, महिला ने पीएम से मांगा न्याय : रणधीर शर्मा
शिमला, 12 नवंबर (हि.स.)। पालमपुर में आनंद शक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट की भूमि पर कथित कब्जे के प्रयास और महिला ट्रस्टी को जान-माल की सुरक्षा संबंधी शिकायत को लेकर भाजपा ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं विधायक रणधीर शर्मा ने वीरवार को कहा कि महिला ने अपनी सुरक्षा और ट्रस्ट की संपत्ति से जुड़े विवाद को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने इसे प्रदेश की कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की।
रणधीर शर्मा ने कहा कि महिला ट्रस्टी ने अपनी शिकायत में करीब 1287 कनाल भूमि पर कब्जे के प्रयास, जेसीबी से रास्ता बनाने, मारपीट और 100 से अधिक हरे पेड़ों की कथित कटाई के आरोप लगाए हैं। भाजपा के अनुसार शिकायत में सत्तारूढ़ कांग्रेस के एक विधायक के रिश्तेदार का नाम भी सामने आया है। शर्मा ने कहा कि किसी का राजनीतिक संबंध होना अपराध का प्रमाण नहीं है, लेकिन ऐसे मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतकर्ता ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। महिला के अनुसार पुलिस ने शुरुआत में प्राथमिकी दर्ज करने से इनकार किया और शिकायत के तथ्यों में बदलाव किए गए। उन्होंने यह भी कहा कि वन विभाग की रिपोर्ट में केवल तीन पेड़ों की कटाई का उल्लेख है, जबकि महिला ने 100 से अधिक पेड़ काटे जाने का आरोप लगाया है। भाजपा ने इस अंतर की स्वतंत्र जांच और मौके का निरीक्षण करवाने की मांग की।
रणधीर शर्मा ने कहा कि शिकायतकर्ता ने न्यायालय से स्थगन आदेश मिलने की बात भी कही है। सरकार सुनिश्चित करे कि न्यायालय के आदेश का पालन हो और महिला को सुरक्षा मिले। उन्होंने भूमि के राजस्व रिकॉर्ड, कथित रास्ता निर्माण, पेड़ों की कटाई और पुलिस व वन विभाग की कार्रवाई की उच्चस्तरीय जांच करवाने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा