सिरमौर में बेलगाम ट्रालों का आतंक, ओवरलोड और बिना नंबर प्लेट दौड़ रहे ट्रालों पर कार्रवाई की मांग

 

नाहन, 02 जुलाई (हि.स.)। जिला सिरमौर में नेशनल हाईवे-07 पर दिन-रात दौड़ रहे भारी भरकम ट्राले अब लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। लगातार बढ़ते सड़क हादसों के बीच देर रात पांवटा साहिब के हरिपुर टोहाना में एक दर्दनाक हादसे में भारी ट्राले की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले ट्राला चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे-07 पर दिनभर भारी मालवाहक ट्राले तेज रफ्तार से दौड़ते रहते हैं। इनमें से कई ट्राले बिना नंबर प्लेट, ओवरलोड और यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए चलते हैं, जिससे आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। लोगों का कहना है कि हाईवे के कई हिस्से संकरे हैं, लेकिन इसके बावजूद भारी वाहन बेलगाम तरीके से दौड़ रहे हैं, जिसके कारण आए दिन छोटे-बड़े सड़क हादसे हो रहे हैं।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए, बिना नंबर प्लेट चलने वाले ट्रालों पर तुरंत शिकंजा कसा जाए और ऐसे वाहनों की नियमित जांच की जाए ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।

उपमंडलाधिकारी पांवटा साहिब द्विज गोयल ने बताया कि भारी मालवाहक वाहनों की समस्या प्रशासन के संज्ञान में है। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और नियमों की अवहेलना करने वाले वाहनों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में एसपी सिरमौर से भी चर्चा की गई है।

उन्होंने हरिपुर टोहाना में हुई युवक की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि खनन विभाग और वन विभाग भी खनन सामग्री ले जाने वाले ओवरलोड वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर