हमीरपुर में 160 पदों पर भर्ती का मौका, 13 और 14 अगस्त को होंगे साक्षात्कार

 

हमीरपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। जिला रोजगार कार्यालय हमीरपुर के माध्यम से निजी क्षेत्र की दो कंपनियों में कुल 160 पदों पर भर्ती की जाएगी। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 13 और 14 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। पात्र और रोजगार कार्यालय में पंजीकृत युवा अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।

उन्होंने बताया कि नालागढ़ स्थित टीवीएस सप्लाई चेन सॉल्यूशन्स लिमिटेड में फ्लोर स्टाफ के 150 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए साक्षात्कार 13 अगस्त को सुबह 10:30 बजे उप रोजगार कार्यालय नादौन में होंगे। इन पदों के लिए 18 से 40 वर्ष आयु के 12वीं पास पुरुष उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को 14,300 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। इसके साथ ओवरटाइम भत्ता, कर्मचारी भविष्य निधि (पीएफ), ईएसआईसी और अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी। चयनित अभ्यर्थियों का कार्यस्थल नालागढ़ रहेगा।

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि दूसरी भर्ती बद्दी स्थित पीए प्रिसिजन कंपोनेंट्स कंपनी के लिए होगी। कंपनी में मशीन ऑपरेटर के 10 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए 14 अगस्त को सुबह 10 बजे जिला रोजगार कार्यालय हमीरपुर में ऑनलाइन साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। इन पदों के लिए फिटर, टर्नर और मशीनिस्ट ट्रेड में आईटीआई डिप्लोमा रखने वाले 18 से 30 वर्ष आयु के नए और अनुभवी दोनों प्रकार के उम्मीदवार पात्र होंगे। चयनित युवाओं को 17,500 रुपये मासिक वेतन मिलेगा।

जिला रोजगार अधिकारी ने कहा कि दोनों भर्तियों के लिए वही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, जिनका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है। उन्होंने युवाओं से निर्धारित तिथि और समय पर अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में पहुंचने की अपील की। भर्ती से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय हमीरपुर के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर संपर्क किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा