नाहन के व्यापारी देंगे सालासर बालाजी में नारियल की आहुति, व्यापार वृद्धि की करेंगे प्रार्थना
नाहन, 17 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी त्योहारों के सीजन को देखते हुए नाहन व्यापार वृद्धि समिति ने आम जनता और स्थानीय निवासियों से ऑनलाइन शॉपिंग के बजाय शहर के स्थानीय बाजार और दुकानों से खरीदारी करने का विशेष आह्वान किया है। समिति ने स्पष्ट किया है कि स्थानीय व्यापारी साल भर ग्राहकों को सेवाएं प्रदान करते हैं, लेकिन त्योहारी सीजन में बाहरी मेलों और ऑनलाइन शॉपिंग के चलन से उनका व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
समिति के अध्यक्ष विक्रम वर्मा ने कहा कि शहर के ऐतिहासिक चौगान मैदान में विभिन्न संस्थाओं द्वारा बार-बार मेले आयोजित किए जा रहे हैं। हाल ही में बीते माह चौगान मैदान में लगभग 20 दिनों तक मेला लगा रहा, जिससे स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों की बिक्री पर सीधा प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। समिति का मानना है कि खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए बने मैदान में व्यावसायिक गतिविधियां नहीं होनी चाहिए। यदि किसी स्थिति में व्यावसायिक गतिविधियां या स्टॉल लगाए भी जाते हैं, तो उसमें बाहरी व्यापारियों के बजाय स्थानीय दुकानदारों को अवसर और प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
नाहन के व्यापारियों ने कहा कि बढ़ती ऑनलाइन शॉपिंग और अस्थायी व्यापारिक मेलों के कारण मुख्य बाजार में ग्राहकों की चहल-पहल कम हो गई है। स्थानीय दुकानदार पूरे वर्ष शहर के आर्थिक ताने-बाने को बनाए रखने और ग्राहकों को हर संभव सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध रहते हैं, लेकिन त्योहारी सीजन में उनका मुख्य कारोबार छिन जाने से व्यापारी वर्ग गंभीर आर्थिक संकट की स्थिति का सामना कर रहा है।
व्यापारियों ने शहर की व्यापारिक स्थिति और भविष्य की तरक्की को लेकर चिंता व्यक्त की है। अपनी आस्था और व्यापार में वृद्धि की मनोकामना के साथ, नाहन के व्यापारियों की ओर से राजस्थान स्थित व्यापार के देवता सालासर बालाजी मंदिर में एक नारियल की आहुति दी जाएगी। व्यापारियों की प्रार्थना है कि सालासर बालाजी की कृपा से नाहन का स्थानीय व्यापार और व्यापारी निरंतर प्रगति और समृद्धि की ओर बढ़ें।
नाहन व्यापार वृद्धि समिति ने सभी शहरवासियों से एकजुट होकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का आग्रह किया है। समिति का कहना है कि जब लोग स्थानीय दुकानों से खरीदारी करेंगे, तो उससे न केवल स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा बल्कि शहर की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर