राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य पर एबीवीपी का ओजस्विनी युवती सम्मेलन

 


मंडी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला मंडी द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य पर सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी के अमृत महोत्सव सभागार में ओजस्विनी युवती सम्मेलन का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. वंदना जग्गी मुख्य अतिथि, डॉ. सीमा ठाकुर विशिष्ट अतिथि, सुशीला सिपहिया विशेष उपस्थिति तथा भारती मोगरा कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की जिला छात्रा प्रमुख अनामिका शर्मा ने कहा कि युवतियां समाज की महत्वपूर्ण शक्ति हैं और उनके सशक्तिकरण के बिना एक सशक्त समाज एवं राष्ट्र की कल्पना नहीं की जा सकती। आज युवतियों को शिक्षा के साथ-साथ आत्मरक्षा, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि ओजस्विनी जैसे सम्मेलन युवतियों को अपनी प्रतिभा पहचानने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और समाज में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। विद्यार्थी परिषद का प्रयास है कि युवतियां अपनी संस्कृति एवं मूल्यों से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दें।

सम्मेलन के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही सेल्फ डिफेंस (आत्मरक्षा) डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से युवतियों को आत्मरक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

इस प्रदर्शन का उद्देश्य युवतियों में साहस, सजगता एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा देना तथा उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति सक्षम बनाना रहा।

ओजस्विनी केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवतियों की प्रतिभा, सामर्थ्य और आत्मविश्वास को नई दिशा देने का एक सार्थक प्रयास है। ऐसे सम्मेलन युवतियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने, सामाजिक दायित्वों को समझने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य पर आयोजित इस सम्मेलन के माध्यम से भारतीय संस्कृति, नारी शक्ति एवं सामाजिक जागरूकता के महत्व को रेखांकित किया गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा युवतियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक दायित्वबोध विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा