अच्छा काम करने वाले पंचायत जनप्रतिनिधियों को पुरस्कृत करेगी सरकार : यादविंद्र गोमा
हमीरपुर, 15 जून (हि.स.)। जिला हमीरपुर की कुल 242 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को बड़ू स्थित बहुतकनीकी महाविद्यालय के मैदान में आयोजित किया गया, जिसमें आयुष, विधि, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने सभी नवनिर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों को भारत के संविधान के प्रति निष्ठा एवं श्रद्धा तथा कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर सभी नवनिर्वाचित प्रधानों एवं उपप्रधानों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए यादविंद्र गोमा ने कहा कि प्रदेश सरकार पंचायतीराज संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए कृतसंकल्प है। सरकार ने पंचायतघर के निर्माण की राशि बढ़ाकर 1.14 करोड़ रुपये कर दी है और प्रदेश में गत तीन वर्षों के दौरान पंचायतघरों के निर्माण एवं मरम्मत पर लगभग 113 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। प्रदेश सरकार ने निर्विरोध चुनी गई पंचायतों की ईनामी राशि में ढाई गुणा वृद्धि करके इसे 25 लाख प्रति पंचायत कर दिया है। इसी के परिणामस्वरूप प्रदेश में इस बार 137 पंचायतंे निर्विरोध चुनी गई हैं।
यादविंद्र गोमा ने कहा कि प्रदेश सरकार सराहनीय कार्य करने वाले पंचायत जनप्रतिनिधियों को विशेष रूप से पुरस्कृत करेगी। वर्ष 2026-27 से 2030-31 की अवधि के दौरान सरकार पंचायतीराज संस्थाओं को 16वें वित्त आयोग के तहत कुल 3744 करोड़ रुपये जारी करेगी। इसमें जिला हमीरपुर की पंचायतों को भी 182 करोड़ से अधिक धनराशि मिलेगी।
यादविंद्र गोमा ने कहा कि नवनिर्वाचित पंचायत जनप्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सभी जनप्रतिनिधि इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेकर पंचायतीराज व्यवस्था को गहनता के साथ समझें और अपने-अपने क्षेत्रों के विकास को गति प्रदान करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला