शपथ के साथ शुरू हुई नई जिम्मेदारी, पांवटा नगर परिषद के 13 पार्षदों ने संभाली कमान
नाहन, 06 जून (हि.स.)। नगर परिषद पांवटा साहिब के नवनिर्वाचित 13 पार्षदों ने शुक्रवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर अपने कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत कर दी। एसडीएम पांवटा द्विज गोयल ने सभी पार्षदों को शपथ दिलाई, जबकि नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी समारोह में मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सभी पार्षदों ने नगर के विकास, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट और अन्य जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने का संकल्प लिया। शपथ के बाद पार्षदों के चेहरों पर उत्साह और नई जिम्मेदारियों को निभाने का जज्बा साफ दिखाई दिया।
एसडीएम पांवटा ने नव निर्वाचित पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने उन पर भरोसा जताया है और अब उनकी जिम्मेदारी है कि वे लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरें। उन्होंने पार्षदों से विकास कार्यों में पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर