पांवटा साहिब ब्लॉक कार्यालय में बीडीसी सदस्यों का शपथ ग्रहण, एसडीएम ने दिलाई शपथ

 

नाहन, 06 जून (हि.स.)। विकास खंड पांवटा साहिब कार्यालय में नवनिर्वाचित बीडीसी (ब्लॉक डेवलपमेंट कमेटी) सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल ने सभी निर्वाचित बीडीसी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण के दौरान एसडीएम ने नव निर्वाचित सदस्यों को लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करते हुए जनहित और क्षेत्र के विकास के लिए ईमानदारी से कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

शपथ लेने के बाद बीडीसी सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और ग्रामीण विकास को गति देने का संकल्प लिया। सदस्यों ने कहा कि वे क्षेत्र के विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।

ब्लॉक कार्यालय में आयोजित इस समारोह के दौरान प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बीडीसी सदस्यों के परिजन भी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के साथ ही नव निर्वाचित बीडीसी सदस्यों ने अपने कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत कर दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर