हिमाचल प्रदेश नर्सिज रजिस्ट्रेशन काउंसिल ने घोषित किए ए.एन.एम. और जी.एन.एम. अनुपूरक परीक्षाओं के परिणाम
शिमला, 26 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश नर्सिज रजिस्ट्रेशन काउंसिल शिमला ने ए.एन.एम. द्वितीय वर्ष और जी.एन.एम. प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष की अनुपूरक परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस वर्ष जी.एन.एम. तृतीय वर्ष का परिणाम सबसे शानदार रहा है। ए.एन.एम. द्वितीय वर्ष की परीक्षा में कुल 1 छात्रा बैठी थी, जिसने यह परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर ली है। जी.एन.एम. प्रथम वर्ष में कुल 298 छात्राएं परीक्षा में बैठी थी, जिनमें से 251 छात्राओं ने सफलता प्राप्त की है। परीक्षा का कुल परिणाम 84.2 फीसदी रहा।
जी.एन.एम. द्वितीय वर्ष की परीक्षा में कुल 181 छात्राएं शामिल हुई, जिनमें से 162 छात्राओं ने परीक्षा पास की है। इस वर्ष का कुल परिणाम 89.5 प्रतिशत रहा। जी.एन.एम. तृतीय वर्ष में कुल 104 छात्राओं में से 96 छात्राओं ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। इसका कुल परिणाम सबसे अधिक 92.3 फीसदी दर्ज किया गया है।
काउंसिल की रजिस्ट्रार डा. पुष्पा पंवर ने बताया कि जो छात्राएं इस अनुपूरक परीक्षा में किसी कारणवश पास नहीं हो सकी हैं, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। उनकी दोबारा परीक्षाएं इसी वर्ष नवम्बर माह में आयोजित की जाएगी। परीक्षा परिणाम से संबंधित विस्तृत जानकारी काउंसिल के कार्यालय की आधिकारिक वैबसाइट पर उपलब्ध करवा दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा