नाहन में नंबरदार महासंघ की बैठक, यशवंत ठाकुर अध्यक्ष चुने गए
नाहन, 20 फ़रवरी (हि.स.)। सिरमौर जिला जन कल्याण नंबरदार महासंघ की एक अहम बैठक जिला मुख्यालय नाहन में आयोजित की गई। बैठक में पांवटा को छोड़कर जिले की सभी तहसीलों के सदस्य शामिल हुए। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य नई कार्यकारिणी का गठन करना और नंबरदारों की लंबे समय से लंबित मांगों पर चर्चा करना था।
बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ नंबरदार भीम सिंह ने की। उन्होंने कहा कि नंबरदार महासंघ काफी समय से सरकार से मांग कर रहा है कि नंबरदारों का मानदेय समय पर अदा किया जाए। उनका कहना था कि मानदेय में देरी से नंबरदारों को आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, इसलिए सरकार को इस पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
भीम सिंह ने यह भी मांग उठाई कि पंचायत स्तर पर नंबरदार को स्थायी सदस्य नियुक्त किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि यदि नंबरदारों को पंचायतों में स्थायी भूमिका दी जाती है तो इससे आम लोगों को भी फायदा मिलेगा और स्थानीय प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी।
बैठक के दौरान महासंघ की नई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। सर्वसम्मति से यशवंत ठाकुर को महासंघ का अध्यक्ष चुना गया। नव-निर्वाचित अध्यक्ष ने सभी सदस्यों का धन्यवाद करते हुए भरोसा दिलाया कि वे नंबरदारों की समस्याओं को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाएंगे और उनके हितों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर