रोहड़ू नगर परिषद चुनाव में बढ़ी मतदान की रफ्तार, 11 बजे तक 45 फीसदी वोटिंग

 




शिमला, 22 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में शहरी निकाय चुनाव के तहत शिमला जिला के रोहड़ू नगर परिषद चुनाव में शुक्रवार सुबह मतदान धीमी रफ्तार से शुरू हुआ, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ बढ़ने लगी। सुबह 9 बजे तक 21.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जबकि 11 बजे तक मतदान का आंकड़ा बढ़कर करीब 45 प्रतिशत पहुंच गया। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और दोपहर 3 बजे तक जारी रहेगा। मतगणना भी आज शाम को ही करवाई जाएगी।

चुनाव में भाजपा और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। रोहड़ू नगर परिषद में कुल 9 वार्ड हैं।

मतदान के दौरान प्रशासन की ओर से विशेष श्रेणी के मतदाताओं को सम्मानित करने की पहल भी देखने को मिली। मतदान केंद्रों पर वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग मतदाताओं, पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और अन्य विशेष श्रेणी के मतदाताओं को पीठासीन अधिकारियों ने आभार पत्र और सम्मान प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। पहली बार मतदान करने वाली मतदाता मिस दीक्षा को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इसी दौरान खराब स्वास्थ्य के बावजूद मतदान करने पहुंचीं 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की भी मतदान कर्मियों और अधिकारियों ने सराहना की। उन्हें लोकतंत्र के प्रति जागरूकता और मतदान में भागीदारी के लिए सम्मान पत्र भेंट किया गया। प्रशासन ने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति लोगों के उत्साह का उदाहरण बताया।

रिटर्निंग अधिकारी (एमसी) एवं उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा ने भी विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष श्रेणी के मतदाताओं और महिला पोलिंग पार्टियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने मतदान कर्मियों द्वारा निभाई जा रही जिम्मेदारियों की सराहना करते हुए लोगों से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

रोहड़ू को छोड़कर हिमाचल प्रदेश के अन्य 51 शहरी निकायों में मतदान 17 मई को हो चुका है। इनमें मंडी, सोलन, धर्मशाला और पालमपुर नगर निगमों की मतगणना 31 मई को होगी, जबकि अन्य नगर परिषदों और नगर पंचायतों के नतीजे 17 मई को ही घोषित कर दिए गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा