सेवानिवृत्त प्रधानाचार्यों और स्कूल प्रवक्ताओं को नाेशनल इन्क्रीमेंट का लाभ, आदेश जारी

 

शिमला, 29 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने वार्षिक वेतनवृद्धि की तिथि से ठीक पहले सेवानिवृत्त हुए प्रधानाचार्यों और स्कूल प्रवक्ताओं (न्यू) को नोशनल (काल्पनिक) वार्षिक वेतनवृद्धि देने का फैसला किया है। शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार इस अतिरिक्त वेतनवृद्धि के आधार पर संबंधित अधिकारियों की पेंशन और अन्य सेवानिवृत्ति लाभों का पुनर्निर्धारण किया जाएगा। यह निर्णय वित्त विभाग की स्वीकृति के बाद लागू किया गया है।

शिक्षा विभाग ने आदेश में स्पष्ट किया है कि नोशनल वार्षिक वेतनवृद्धि केवल पेंशन और उससे जुड़े सेवानिवृत्ति लाभों की गणना के लिए मान्य होगी। सेवानिवृत्ति के बाद की अवधि का कोई वेतन, एरियर या अन्य वित्तीय लाभ देय नहीं होगा। यानी संबंधित अधिकारियों को संशोधित पेंशन और उससे जुड़े सेवानिवृत्ति लाभ ही मिलेंगे।

पहले चरण में बिलासपुर जिले के आठ सेवानिवृत्त प्रधानाचार्यों को इसका लाभ दिया गया है। इनमें पीर सिंह वर्मा, जगत पाल, कुंदन लाल, दुनी चंद, रमेश चंद, सतीश ठाकुर, प्रदीप कुमार और पवन कुमार शामिल हैं। इन अधिकारियों के मूल वेतन में एक अतिरिक्त वार्षिक वेतनवृद्धि जोड़कर उनकी पेंशन का नए सिरे से निर्धारण किया जाएगा।

शिक्षा विभाग ने संबंधित अधिकारियों को भुगतान से पहले सभी सेवा अभिलेखों का सावधानीपूर्वक सत्यापन करने के निर्देश भी दिए हैं। आदेश में कहा गया है कि यदि सत्यापन के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि या अधिक भुगतान का मामला सामने आता है तो नियमानुसार संबंधित कर्मचारी से उसकी वसूली की जाएगी।

सरकार के इस फैसले से उन सेवानिवृत्त प्रधानाचार्यों और स्कूल प्रवक्ताओं (न्यू) को राहत मिलेगी, जो वार्षिक वेतनवृद्धि की निर्धारित तिथि से ठीक पहले सेवा से सेवानिवृत्त होने के कारण एक वार्षिक वेतनवृद्धि के लाभ से वंचित रह गए थे। अब उनके पेंशन संबंधी लाभों का नए सिरे से निर्धारण किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा