साहसिक निर्णयों के परिणामस्वरूप विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन: प्रो. अवस्थी

 


मंडी, 28 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के गुरुग्राम स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी में आयोजित नॉर्थ जोन इंटर-यूनिवर्सिटी शतरंज चैंपियनशिप 2026-27 में सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी की शतरंज टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 43 विश्वविद्यालयों के बीच तृतीय स्थान प्राप्त किया। विश्वविद्यालय की इस उपलब्धि से हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ा है। इस शानदार उपलब्धि पर सरदार पटेल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर ललित कुमार अवस्थी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला के डायरेक्टरेट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड यूथ प्रोग्राम से अलग होने के बाद सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद एक साहसिक एवं दूरदर्शी निर्णय लिया। जिसके चलते 1.25 करोड़ रुपए के बजट से अपना स्वतंत्र डायरेक्टरेट ऑफ स्पोर्ट्स एंड यूथ प्रोग्राम स्थापित किया।

उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद विश्वविद्यालय ने खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया है। कुलपति ने खिलाड़ियों का आह्वान किया कि वे इसी उत्साह, समर्पण एवं खेल भावना के साथ निरंतर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते रहें। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी तरह सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी और हिमाचल प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, टीम के मार्गदर्शक दिनेश शर्मा तथा खेल निदेशक प्रोफेसर राजेश कुमार शर्मा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

विश्वविद्यालय के खेल निदेशक प्रोफेसर राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की टीम में रोनिक ठाकुर, क्षितिज कुमार, यथार्थ, अर्जुन ठाकुर, आदित्य शर्मा एवं सक्षम शामिल रहे। टीम के सभी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन एवं सामूहिक प्रयास का परिचय देते हुए विश्वविद्यालय को यह महत्वपूर्ण उपलब्धि दिलाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा