अब वार्ड नंबर पंद्रह दौंहदी के ग्रामीणों ने मंडी नगर निगम से मुक्ति की उठी आवाज़

 


मंडी, 17 अगस्त (हि.स.)। नगर निगम मंडी की सीमा में जबरन धकेले जाने के खिलाफ दौंहदी वार्ड के बाशिंदों का आक्रोश अब खुलकर सड़कों पर नजर आने लगा है। सोमवार को दौंहदी वार्ड के एक प्रतिनिधिमंडल जिसमें विशेष रूप से दर्जनों महिलाओं ने पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रकाश चौधरी से उनके आवास पर मुलाकात की और अपनी पीड़ा बयां की। ग्रामीणों ने दोटूक कहा कि दौंहदी पूरी तरह से एक ग्रामीण इलाका है,जिसे पिछली जयराम सरकार ने जनभावनाओं और कायदे-कानूनों को ताक पर रखकर तानाशाही रवैये के तहत जबरन शहरी निकाय में ठूंस दिया था।

ग्रामीणों का कहना है कि नगर निगम गठन के समय से ही क्षेत्रवासी इसका लगातार विरोध करते आ रहे हैं। मगर तत्कालीन सरकार ने पंचायत प्रतिनिधियों से जबरन एनओसी लेकर जनता पर यह फैसला थोप दिया। हालात यह हैं कि गांव जैसी व्यवस्था में रहने के बावजूद उन पर शहरी टैक्सों और नियमों का भारी बोझ लाद दिया गया है, जबकि बुनियादी सुविधाएं शून्य हैं। ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री से दो टूक मांग की गई कि वे इस मामले में हस्तक्षेप करें और सरकार के समक्ष मजबूती से बात रखकर उन्हें इस शहरी व्यवस्था से मुक्ति दिलाएं।

प्रतिनिधिमंडल को ढांढस बंधाते हुए पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने भरोसा दिया कि वे जनता के हक की लड़ाई में पूरी तरह साथ हैं। उन्होंने कहा कि वह एक-दो दिन के भीतर ग्रामीणों के साथ शिमला जाकर खुद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात करेंगे और जमीनी हकीकत से अवगत करवाएंगे। उन्होंने बताया कि बैहना वार्ड की जनता की मांग को लेकर भी वे मुख्यमंत्री से शिमला में जाकर बात कर चुके हैं। सरकार इसका न्यायसंगत हल निकालने के लिए सकारात्मक रुख अपना रही है।

प्रकाश चौधरी ने ग्रामीणों को विश्वास दिलाया कि जिस प्रकार पिछली भाजपा सरकार ने जनता पर जबरन फैसला थोपा था, वर्तमान कांग्रेस सरकार वैसा बिल्कुल नहीं होने देगी और जनहित के अनुसार ही कदम उठाएगी।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में सेवानिवृत्त तहसीलदार मनोहर लाल,सेवक राम, खेम चंद, देविन्द्र कुमार, सुरेन्द्र कुमार, मोहन लाल, नानक चन्द, खेम सिंह नरयाल, पार्षद विनोद कुमार, महंत राम, नानक चन्द, सुरज राम, गुरदयाल, कौल सिंह, अनिल कुमार, गोविन्द राम, मेघ सिंह, सुरजन कुमार, बली राम चलाह के उपप्रधान नाठू सहित अन्य ग्रामीण तथा विशेष रूप से क्षेत्र की महिलाएं उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा