एनएचएम कर्मचारियों के वेतनमान में वृद्धि पर मुख्यमंत्री सुक्खू का जताया आभार

 

मंडी, 22 मार्च (हि.स.)। नेशनल हेल्थ मिशन एनएचएम हिमाचल प्रदेश कर्मचारी महासंघ ने प्रदेश सरकार द्वारा बजट सत्र के दौरान एनएचएम कर्मचारियों के वेतनमान में वृद्धि किए जाने पर मुख्यमंत्र सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया है। महासंघ ने इस निर्णय को ऐतिहासिक, स्वागतयोग्य, सराहनीय तथा कर्मचारी हित में लिया गया अत्यंत महत्वपूर्ण कदम बताया है।

एनएचएम हिमाचल प्रदेश कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष मनजीत धीमान, महासचिव सुनील कुमार एवं प्रेस सचिव राज महाजन ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक बार फिर यह सिद्ध किया है कि वे प्रदेश के कर्मचारियों की भावनाओं, समस्याओं और लंबे समय से लंबित मांगों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील, गंभीर और प्रतिबद्ध हैं।

महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि नेशनल हेल्थ मिशन कर्मचारियों के वेतनमान में वृद्धि बजट सत्र के माध्यम से की गई है, जो एनएचएम कर्मचारियों के लिए केवल आर्थिक राहत ही नहीं, बल्कि सम्मान, विश्वास और मनोबल बढ़ाने वाला ऐतिहासिक निर्णय भी है।

उन्होंने कहा कि वर्षों से अनुबंध आधार पर सेवाएं दे रहे एनएचएम कर्मचारियों के लिए यह फैसला सरकार की सकारात्मक सोच, संवेदनशील प्रशासनिक दृष्टिकोण और कर्मचारी हितैषी नीतियों का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने कहा कि एनएचएमकर्मचारी प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं, जो पिछले 27 वर्षों से अनुबंध आधार पर निरंतर समर्पण, निष्ठा और सेवाभाव के साथ कार्य कर रहे हैं। राज्य के दूरस्थ, दुर्गम, जनजातीय और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में कार्यरत एनएचएम कर्मचारियों ने हर परिस्थिति में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

महासंघ ने कहा कि चाहे बात सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की हो, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की, राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, जनजागरूकता अभियानों, आपदा जैसी परिस्थितियों, या फिर कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी के कठिन दौर की एनएचएम कर्मचारियों ने हर मोर्चे पर अग्रिम पंक्ति में रहकर कार्य किया है।

उन्होंने सीमित संसाधनों, कम वेतन, अस्थिर सेवा शर्तों और भविष्य की अनिश्चितताओं के बावजूद सदैव जनता के स्वास्थ्य हित को सर्वोपरि रखा है।

महासंघ के नेताओं ने कहा कि यह वेतनमान वृद्धि एनएचएम कर्मचारियों के वर्षों के धैर्य, संघर्ष, अनुशासन, संगठनात्मक एकजुटता और निरंतर सेवाभाव की भी एक प्रकार से स्वीकृति है। यह निर्णय कर्मचारियों के मनोबल को नई ऊर्जा देगा और वे भविष्य में भी पहले से अधिक समर्पण के साथ प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में योगदान देंगे।

उन्होंने कहा कि एनएचएम कर्मचारी पिछले 27 वर्षों से लगातार अनुबंध आधार पर कार्यरत हैं, किंतु आज तक उनके लिए नियमितीकरण, सेवा सुरक्षा, पदोन्नति, वरिष्ठता, समान कार्य के अनुरूप सम्मानजनक सेवा संरचना तथा भविष्य सुरक्षा को लेकर कोई ठोस एवं स्थायी नीति लागू नहीं हो पाई है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा