सड़क में भर दी मिट्टी, कीचड़ और धूल ने जीना हराम कर दिया सौली खड्ड के लोगों का
मंडी, 20 अगस्त (हि.स.)। मंडी शहर के सौली खड्ड में राष्ट्रीय मार्ग पर बने गढ्ढे लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। इस सड़क का जिम्मा एनएचएआई के पास है। इन गढ्ढों में मरम्मत के नाम पर मिट्टी भर दी गई है जो बारिश होने पर कीचड़ और धूप निकलने पर धूल फैला रही है। ऐसे में आसपास रहने वालों व दुकानदारों का जीना हराम हो गया है। धूल से लोग परेशान हैं, घरों के अंदर तक धूल पहुंच गई है, इससे लोग बीमार हो रहे हैं जबकि व्यवसाय का भी भट्ठा इस खराब सड़क ने बिठा दिया है। यही नहीं बारिश के दौरान इस मिट्टी से कीचड़ बन रहा है जिस पर दोपहिया वाहन फिसल रहे हैं।
स्थानीय लोगों लाल सिंह, राजेंद्र ठाकुर, दलीप ठाकुर, मदन ठाकुर व रूमा देवी आदि ने बताया कि कई दिनों से इस सड़क का बुरा हाल है। एनएचएआई सड़क पर बने गढ्डों में मिट्टी भर देता है जो बारिश व धूप में आफत बन रही हैं। इन लोगों ने एनएचएआई, नगर निगम मंडी व जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस सड़क की सुध ली जाए, इसमें सही पैच वर्क करके मरम्मत की जाए ताकि धूल कीचड़ से बचा जा सके व यहां पर हो रही दुर्घटनाओं को भी रोका जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा