भूस्खलन से एनएच 7 क्षतिग्रस्त, कालाअंब-नाहन मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित

 

नाहन, 19 अक्टूबर (हि.स.)। कालाअंब–नाहन सड़क (NH-07) पर मोगीनंद स्थित फीनिक्स कंपनी के निकट भारी भूस्खलन के कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे भारी वाहनों की आवाजाही असुरक्षित हो गई है। जिला दंडाधिकारी, सिरमौर द्वारा मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के तहत जारी आदेशानुसार, आगामी आदेशों तक डबल एक्सल वाहन, टिप्पर एवं डंपर सहित सभी भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित क्षेत्र से प्रतिबंधित रहेगी।

सभी भारी वाहनों को कालाअंब-नाहन तथा पांवटा साहिब-नाहन मार्ग पर आवागमन के दौरान खिजराबाद (हरियाणा) के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा वाहन कोलर, रजितपुर होकर भी हरियाणा में प्रवेश कर सकते हैं।

पुलिस अधिकारियों को यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आदेशों का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए गए हैं। पांवटा साहिब एवं कालाअंब थाना प्रभारियों को यातायात डायवर्जन सुनिश्चित करने, पर्याप्त बैरिकेडिंग एवं साइन बोर्ड लगाने तथा पुलिस कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, नाहन एवं माजरा थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में चेकिंग प्वाइंट स्थापित करने तथा आदेशों का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों को नियमानुसार चालान करने एवं हिरासत में लेने के निर्देश दिए गए हैं।

आम जनता, ट्रांसपोर्टरों एवं वाहन चालकों से अपील की जाती है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग करें।यह प्रतिबंध तब तक लागू रहेगा, जब तक संबंधित सड़क मार्ग को भारी वाहनों की आवाजाही के लिए सुरक्षित घोषित नहीं कर दिया जाता।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर