मंडी–कोटली मार्ग पर सड़क किनारे नाली का काम छोड़ा अधूरा, लोगों के घरों में घुसा पानी

 


मंडी, 30 जून (हि.स.)। मंडी-कोटली मार्ग एनएच-003 पर सड़क निर्माण कार्य के दौरान लोगों के घरों के सामने बरसाती पानी की निकासी के लिए नाली का निर्माण शुरू किया गया। लेकिन विभाग की ओर से उसे अधूरा छोड़ दिया गया है। जिसके चलते बारिश का पानी लोगों के घरों में घुसने लगा है। हालांकि, इस बारे में संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों से अनुरोध किया गया कि बरसात से पहले इस नाली का कार्य पूरा कर दिया जाए, ताकि बरसाती पानी की उचित निकासी सुनिश्चित हो सके। मगर इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। मंगलवार को हुई बारिश के बाद स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। यदि इस अधूरी नाली का निर्माण शीघ्र पूरा नहीं किया गया, तो बरसाती पानी सीधे लोगोें घरों में घुस जाएगा, जिससे जान-माल की हानि तथा संपत्ति को गंभीर नुक्सान होने की आशंका है।

लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण और पहाड़ कटने के कारण स्थानीय लोग पहले ही अपनी जमीन और खेतों का काफी नुक्सान झेल चुके हैं। इससे पहले बरसात का पानी प्राकृतिक ढलानों और नालों के माध्यम से निकल जाता था, लेकिन अब अधूरी नाली के कारण उसका पूरा बहाव हमारे घरों की ओर हो गया है।

सतोहल निवासी सीमा ने बताया कि संबंधित विभाग ने जब नाली का निर्माण शुरू किया है, तो उसे अधूरा छोड़ने का क्या औचित्य है। यदि समय रहते इस कार्य को पूरा कर दिया जाए, तो भविष्य में होने वाली गंभीर क्षति से बचा जा सकता है। उन्होंने एनएच-003 के संबंधित अधिकारियों एवं विभाग से आग्रह किया है कि इस गंभीर समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर अधूरी नाली का निर्माण शीघ्र पूरा करवाया जा। जिससे किसी भी अप्रिय घटना से पहले इस समस्या का स्थाई समाधान हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा