नेशनल हाइवे की दुर्दशा से परेशान मंडी के लोग, पार्षद ने उपायुक्त को बताए हालात

 


मंडी, 25 मार्च (हि.स.)। बाघा बार्डर अटारी लेह नेशनल हाइवे 003 जो मंडी शहर से गुजरता की दुर्दशा ने लोगों का जीना हराम कर दिया है। पिछले तीन सालों से इस मार्ग का एक हिस्सा जो मंडी शहर के नगर निगम वार्ड 6 सनयारड़ी व 5 रामनगर से होकर गुजरता है, केहनवाल मार्ग के कैंची मोड़ से केहनवाल चौक होकर पुलघराट तक जाता है की हालत ऐसी है कि इस पर वाहन चलाना तो दूर पैदल चलना भी खतरे से खाली नहीं। लोगों सालों से चीख चिल्ला रहे हैं मगर मोर्थ यानी भूतल परिवहन विभाग के अधिकारियों के कान में जूं नहीं रेंग रही। रामनगर के पार्षद योग राज योगा ने उपायुक्त मंडी को दिए पत्र में कहा कि कैहनवाल कैंची मोड़ से लेकर मंगवाई पुलघराट की सड़क जो राष्ट्रीय राजमार्ग 003 के अधीन आती है की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है। इसकी ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस बारे में कई बार विभाग व प्रशासन को लिखा गया व लिखित एवं मौखिक तौर पर भी बताया गया मगर कुछ नहीं हुआ। यहां तक कि इस बारे में सतर्कता विभाग को भी शिकायत भेजी गई क्योंकि केंद्र सरकार के अधीन सड़कों के लिए बजट की आमतौर पर कोई कमी नहीं होती फिर भी इस कई सालों से मरम्मत नहीं किया गया। 2023 व 2025 की प्रलयकारी बारिश ने इसे पूरी तरह से तोड़ कर रख दिया। जनता ने दबाव बनाया और मामला सतर्कता विभाग के पास गया तो कुछ महीने पहले इस पर मिट्टी डाल कर लीपापोती की गई जो अब धूल का कारण बन रही है।

उन्होंने कहा कि यह मार्ग मंडी शहर के प्रवेश द्वार है, रोजाना हजारों वाहन यहां से शहर में प्रवेश करते हैं वह बाहर जाते हैं। कभी भी दुर्घटना हो सकती है। इससे पहले कि लोग आंदोलन पर उतर जाएं इसकी मरम्मत कर दी जाए। उपायुक्त से इस मामले को विभाग के साथ उठाने का आग्रह किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा