मत्स्य विभाग ने मत्स्य पालकों के लिए मंडी में लगाया एक दिवसीय जागरूकता शिविर
मंडी, 26 नवंबर (हि.स.)। मत्स्य विभाग, मत्स्य मंडल मंडी के तत्वावधान में आज यहां प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना के अंतर्गत जलीय कृषि बीमा एवं मत्स्य पालन से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड, हैदराबाद की ओर से इंश्योरेंस विशेषज्ञ मुहम्मद इफ्तिखार हुसैन व एआईसी सरकाघाट से सुमित ठाकुर ने मत्स्य पालकों को प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह योजना के अंतर्गत उपलब्ध जलीय कृषि बीमा की सुविधाओं, पात्रता, पंजीकरण प्रक्रिया एवं योजना के लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की ।
सहायक निदेशक मत्स्य नीतू सिंह ने सभी मत्स्य पालकों से संवाद कर मत्स्य पालन व्यवसाय में आ रही विभिन्न समस्याओं एवं कठिनाइयों के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सुझाव प्रदान किए। उन्होंने मत्स्य पालकों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा आधुनिक तकनीकों को अपनाकर मत्स्य उत्पादन एवं आय में वृद्धि करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान मत्स्य पालकों को विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक दस्तावेजों, आवेदन प्रक्रिया तथा विभाग से उपलब्ध तकनीकी मार्गदर्शन के बारे में भी जागरूक किया गया। शिविर में उपस्थित मत्स्य पालकों ने विशेषज्ञों एवं विभागीय अधिकारियों से अपनी शंकाओं एवं समस्याओं के संबंध में चर्चा की तथा विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारिया प्राप्त कीं।
एनएफडीबी विशेषज्ञ द्वारा मत्स्य पालकों को जलीय कृषि बीमा की आवश्यकता, बीमा कवरेज, बीमा प्रीमियम पर उपलब्ध प्रोत्साहन राशि, बीमा क्लेम की प्रक्रिया तथा प्राकृतिक आपदाओं एवं अन्य जोखिमों से मत्स्य पालन इकाइयों को होने वाले संभावित आर्थिक नुकसान से सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा