नाहन को जल्द मिलेगा बिजली के ओवर लोड से छुटकारा, विधायक ने किया निर्माणाधीन 33 क वी सब स्टेशन का निरीक्षण

 


नाहन, 15 जून (हि.स.)। सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में काफी समय से बिजली ट्रिपिंग यानि कट की समस्या चल रही है जोकि ओवर लोड होने से अक्सर हो जाती है। इसके इलावा नगर के कई क्षेत्रों में बिजली की तारों के जाल अक्सर आग आदि की घटनाओं की आशंका बनाए रखते थे। लेकिन जल्द ही लोगों को इन समस्याओं से छुटकारा मिलने जा रहा है। नाहन के रानी का बाग क्षेत्र में वर्ल्ड बैंक के सहयोग से 33के वी का आधुनिक सब स्टेशन का निर्माण कार्य चला हुआ है। इसके बनने से शहर में बिजली कट की समस्या खत्म हो जाएगी।

विधायक नाहन अजय सोलंकी ने आज इस निर्माणाधीन सब स्टेशन का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति का जायजा लिया साथ ही गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश भी दिए।

विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि विश्व बैंक के सहयोग से यह सब स्टेशन बनने जा रहा है जिसपर 53 करोड़ 22लाख की राशि खर्च होगी जिसमें 22करोड़ सब स्टेशन पर खर्च होंगे। इसके इलावा शहर में जहां जहां संभव होगा अंडर गाउंड केबलिंग की जाएगी और तारों के जालों को खत्म किया जाएगा। इस 33के वी सब स्टेशन बनने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी ।इसके इलावा 100 ट्रांसफार्मर ऑगमेंट किये जायेंगे, 45 नए ट्रांसफार्मर लगाए जायेंगे जिनमे से 14 लगाए जा चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर