मोदी सरकार के 12 साल के कार्यकाल में विकास और सुशासन की नई पहचान बना भारत : अनुराग ठाकुर
हमीरपुर, 08 जून (हि.स.)। मोदी सरकार के 12 साल के कार्यकाल में विकास और सुशासन की नई पहचान बना भारत : अनुराग ठाकुर
पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष जनसेवा, सुशासन और विकास के लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान देश ने आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक स्तर पर उल्लेखनीय प्रगति की है और लोगों का शासन व्यवस्था पर भरोसा मजबूत हुआ है।
हमीरपुर में सोमवार को आयोजित मोदी सरकार के 12 साल: विकास के नाम कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने भ्रष्टाचार-मुक्त और जवाबदेह शासन व्यवस्था स्थापित करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का केंद्र बिंदु आम नागरिकों का कल्याण रहा है और इसी कारण लोगों का विश्वास लगातार बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत अभियान, सौभाग्य योजना और जनधन योजना जैसी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। उनके अनुसार इन योजनाओं ने गरीब परिवारों के जीवन स्तर में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों के मुताबिक पिछले कुछ वर्षों में करीब 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं, जो सरकार की गरीब-कल्याण नीतियों का परिणाम है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की भूमिका पहले की तुलना में अधिक प्रभावशाली हुई है और वैश्विक मुद्दों पर भारत की बात को गंभीरता से सुना जाता है।
उन्होंने जी-20 की सफल अध्यक्षता का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे दुनिया में भारत की साख और मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और डिजिटल क्षेत्र में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर चुका है। उनके अनुसार डिजिटल इंडिया अभियान ने सरकारी सेवाओं को अधिक पारदर्शी और सुलभ बनाया है। उन्होंने दावा किया कि वैश्विक डिजिटल भुगतान में भारत की हिस्सेदारी लगभग आधी है, जो देश की तकनीकी प्रगति को दर्शाती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन का जिक्र करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके लंबे अनुभव ने देश के विकास को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।
हिमाचल प्रदेश में केंद्र सरकार की परियोजनाओं पर बोलते हुए सांसद ने कहा कि प्रदेश में 17 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में कोलकाता और हिमाचल प्रदेश के बीच गुरुमुखी एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू होने से यात्रियों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि बिलासपुर-भानुपल्ली रेल लाइन परियोजना को भी जल्द पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा