न्यू कॉम्प्लेक्स स्कूल सिस्टम पर सरकार के फैसले का इंतजार
शिमला, 07 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पिछले करीब एक वर्ष से न्यू कॉम्प्लेक्स स्कूल सिस्टम को लेकर चल रहा विवाद अब सुलझने की ओर बढ़ता दिख रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग विभिन्न शिक्षक संगठनों से मिले सुझावों और आपत्तियों के आधार पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रहा है। रिपोर्ट तैयार होने के बाद इसे प्रदेश सरकार के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद सरकार तय करेगी कि न्यू कॉम्प्लेक्स स्कूल सिस्टम में बदलाव किए जाएंगे या मौजूदा व्यवस्था को ही जारी रखा जाएगा।
यह प्रक्रिया मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में 25 जुलाई को हुई बैठक में लिए गए निर्णय के बाद शुरू की गई थी। बैठक के बाद स्कूल शिक्षा निदेशालय ने विभिन्न शिक्षक संगठनों से चर्चा करने के लिए एक उच्च स्तरीय समिति बनाई थी। समिति ने 5 अगस्त को हिमाचल प्रदेश प्राइमरी टीचर फेडरेशन सहित कई शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ लंबी बैठक की। इस दौरान संगठनों ने अपनी सहमति, असहमति और अन्य सुझाव समिति के सामने रखे।
शिक्षा विभाग अब इन्हीं सुझावों और आपत्तियों को एक रिपोर्ट के रूप में तैयार कर रहा है। विभागीय सूत्रों के अनुसार रिपोर्ट तैयार करने का काम अभी जारी है और इसे अंतिम रूप देने में कुछ समय लग सकता है। रिपोर्ट सरकार को भेजे जाने के बाद अंतिम फैसला प्रदेश सरकार को लेना है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि सरकार इस पर कब निर्णय करेगी।
न्यू कॉम्प्लेक्स स्कूल सिस्टम को लेकर प्राथमिक स्कूल शिक्षकों के बीच लंबे समय से असंतोष बना हुआ है। शिक्षक संगठन इस व्यवस्था में बदलाव की मांग करते रहे हैं। दूसरी ओर सरकार और शिक्षा विभाग शिक्षक संगठनों के सुझावों के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। ऐसे में अब इस पूरे मामले में अंतिम निर्णय सरकार के स्तर पर होना है।
इस बीच 5 अगस्त को हुई बैठक के बाद शिक्षा विभाग ने एक प्रशासनिक फैसला भी लिया है। विभाग ने विभिन्न शिक्षक संगठनों के 34 पदाधिकारियों को संगठनात्मक कार्यों से रिलीव कर उनके मूल तैनाती स्थलों पर लौटने के आदेश जारी किए हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश प्राइमरी टीचर फेडरेशन के करीब आठ पदाधिकारी, हेडमास्टर कैडर, प्रधानाचार्य संघ, टीजीटी, साइंस मास्टर, सी एंड वी यूनियन और अन्य शिक्षक संगठनों के अध्यक्ष, महासचिव और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हैं। शिक्षा निदेशालय ने सभी संबंधित प्रतिनिधियों को तत्काल प्रभाव से अपने-अपने स्कूलों और कार्यालयों में कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा