नेपाल त्रासदी में हिमाचल के ऊना का 32 वर्षीय इंजीनियर लापता
शिमला, 29 अगस्त (हि.स.)। नेपाल में हुई भयंकर त्रासदी के बीच हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के एक 32 वर्षीय इंजीनियर के लापता होने की सूचना से परिवार की चिंता बढ़ गई है। मेहतपुर तहसील के बस्देहड़ा गांव निवासी सुखविंदर रतन नेपाल के त्रिशूली हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट-वन में इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। परिजनों के अनुसार 25 अगस्त की शाम उनकी सुखविंदर से फोन पर आखिरी बार बातचीत हुई थी। उस समय तक सब कुछ सामान्य था। इसके बाद से उनका मोबाइल फोन बंद आ रहा है और परिवार का उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया है।
परिवार के अनुसार सुखविंदर पहले करीब डेढ़ वर्ष तक नेपाल में नौकरी कर चुके हैं। इसके बाद उन्होंने लगभग सात महीने भूटान में काम किया। करीब चार महीने पहले उन्होंने दोबारा नेपाल स्थित त्रिशूली हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट-वन में काम शुरू किया था। परिवार के मुताबिक 25 अगस्त की शाम बातचीत के बाद जब उनसे दोबारा संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनका फोन बंद मिला। इसके बाद लगातार प्रयास किए गए, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। नेपाल में सामने आई भारी त्रासदी के बीच कई दिनों से संपर्क नहीं होने के कारण परिजनों की चिंता लगातार बढ़ रही है।
सुखविंदर शादीशुदा हैं और उनका करीब डेढ़ वर्ष का बेटा भी है। परिवार के लिए यह समय बेहद मुश्किल है। परिजन लगातार उनकी सलामती की जानकारी मिलने का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि 25 अगस्त की शाम तक सुखविंदर से सामान्य बातचीत हुई थी और उस समय किसी तरह की परेशानी की जानकारी नहीं थी। इसके बाद अचानक संपर्क टूट जाने से परिवार कई तरह की आशंकाओं के बीच है।
मामले में भारत सरकार के विदेश मंत्रालय की ओर से भी सुखविंदर रतन के लापता होने संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाई गई है। इससे परिवार को उम्मीद है कि नेपाल में संबंधित एजेंसियां उनकी तलाश के लिए आवश्यक कदम उठा रही हैं। परिजनों ने सरकार से सुखविंदर की स्थिति का जल्द पता लगाने और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए हरसंभव प्रयास करने का आग्रह किया है। परिवार को अब किसी ऐसी सूचना का इंतजार है, जिससे उनके बारे में स्थिति साफ हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा