शिमला में 9 केंद्रों पर कड़े सुरक्षा पहरे में हुई नीट परीक्षा
शिमला, 21 जून (हि.स.)। राजधानी शिमला में रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिले के नौ परीक्षा केंद्रों पर करीब 3,700 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चली। परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों ने राहत की सांस ली। हालांकि पिछले बार सामने आए पेपर लीक मामले की वजह से कई अभ्यर्थियों और अभिभावकों के मन में चिंता भी बनी हुई थी।
सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की आवाजाही शुरू हो गई थी। निर्धारित समय से पहले बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अपने केंद्रों पर पहुंच गए थे। प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की गहन जांच की गई और आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्षों में जाने की अनुमति दी गई। परीक्षा को नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन और परीक्षा प्रबंधन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे।
परीक्षा देकर बाहर निकले कई अभ्यर्थियों ने बताया कि उन्होंने पूरे साल इस परीक्षा की तैयारी की है। उनका कहना था कि पिछले वर्ष भी उन्होंने और अन्य विद्यार्थियों ने मेहनत के साथ परीक्षा दी थी, लेकिन बाद में पेपर लीक के आरोपों और विवादों ने विद्यार्थियों को निराश किया। इस बार भी परीक्षा को लेकर तनाव था, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी रही होगी। अभ्यर्थियों ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में ईमानदारी और भरोसा सबसे महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि विद्यार्थियों का भविष्य इन परीक्षाओं से जुड़ा होता है।
वहीं परीक्षा केंद्रों के बाहर इंतजार कर रहे अभिभावकों ने कहा कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए विद्यार्थी महीनों तक कड़ी मेहनत करते हैं। ऐसे में यदि पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आती हैं तो इसका सबसे अधिक असर मेहनत करने वाले छात्रों पर पड़ता है। अभिभावकों का कहना था कि इस बार केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम दिखाई दिए। जांच प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सख्त थी और प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसी व्यवस्थाएं जारी रहेंगी ताकि विद्यार्थियों की मेहनत और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनी रहे।
शिमला जिले में जिन नौ केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई, उनमें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस राजकीय महाविद्यालय संजौली, गवर्नमेंट मॉडल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लालपानी, गवर्नमेंट मॉडल गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल पोर्टमोर, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय जाखू, राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय मॉडल स्कूल समरहिल, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का विधि विभाग समरहिल, राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय चौड़ा मैदान और यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा