176 नशीले कैप्सूल के साथ तस्कर गिरफ्तार

 


नाहन, 25 जुलाई (हि.स.)। जिला सिरमौर पुलिस की डिटेक्शन सेल ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 176 नशीले स्पास्मो कैप्सूल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24 जुलाई को डिटेक्शन सेल की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान चुंगी नंबर-06 स्थित होटल रॉक स्टार के समीप एक संदिग्ध सफेद ऑल्टो K10 कार को जांच के लिए रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन भगाने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार को रोक लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर चालक चरणजीत सिंह, निवासी हरिपुर टोहाणा, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर के कब्जे से 176 नशीले स्पास्मो कैप्सूल बरामद किए गए।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीले कैप्सूल कहां से लाए गए थे और इन्हें कहां पहुंचाया जाना था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर