2.722 किलो चूरापोस्त के साथ एक गिरफ्तार
नाहन, 26 जुलाई (हि.स.)। स्पेशल डिटेक्शन टीम पांवटा साहिब ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 2.722 किलोग्राम चूरापोस्त (भुक्की) के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार 25 जुलाई को पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि राजबन कांटा के समीप एक व्यक्ति अपने रिहायशी मकान में मादक पदार्थ छिपाकर रखे हुए है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बाबू राम पुत्र भजिया राम निवासी गांव भजौन, तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर, हाल निवासी मुगलावाला, डाकघर राजबन के मकान की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 2.722 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद किया गया। इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना पुरुवाला में एन डी पी एस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
जाँच के दौरान आरोपी बाबू राम को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 3 दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर