हजारों ने दी मंडी में एनडीए तथा सीडीएस परीक्षा

 


मंडी, 12 अप्रैल (हि.स.)। संघ लोक सेवा आयोग द्वारा रविवार को एनडीए और एनए तथा सीडीएस 2026 की लिखित परीक्षा सात परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई जिसमें हजारों अभ्यर्थियों ने भाग लिया। सात परीक्षा केंद्रों में परीक्षा के लिए 1587 अभ्यर्थियों के लिए प्रबंध किए गए थे। पूरे प्रदेश भर से सुबह ही अभिभावक विभिन्न परिवहन माध्यमों से अपने बच्चों को लेकर परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए थे। अधिकांश कारों में आए थे ऐसे में परीक्षा केंद्र के आसपास दूर दूर तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। सीडीएस 2026 की परीक्षा दो केंद्रों पर आयोजित होगी, जिनमें वल्लभ कॉलेज मंडी (उप केंद्र-001) तथा वल्लभ कॉलेज मंडी (उप केंद्र-002) शामिल था ।

यह परीक्षा तीन सत्रों में आयोजित हुई। पहला सत्र सुबह 9 बजे से 11 बजे तक, दूसरा सत्र दोपहर 12ः30 बजे से 2ः30 बजे तक तथा तीसरा सत्र सायं 4 बजे से 6 बजे तक चला। इसी प्रकार एनडीए और एनए 2026 की परीक्षा पांच केंद्रों पर आयोजित होगी, जिनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (गर्ल्स) मंडी (उप केंद्र-003), राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मंडी (उप केंद्र-004), इंडस ग्लोबल स्कूल गागल रोड (उप केंद्र-005), द फीनिक्स स्कूल बैहना (उप केंद्र-006) तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बॉयज) भंगरोटू (उप केंद्र-007) शामिल हैं। यह परीक्षा दो सत्रों में आयोजित होगी। पहला सत्र सुबह 10 बजे से 12ः30 बजे तक तथा दूसरा सत्र दोपहर 2 बजे से 4ः30 बजे तक चला। सरकारी प्रवक्ता के अनुसार यह परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हो गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा