राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए आवेदन शुरू, 10 जुलाई तक मौका

 

शिमला, 23 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के शिक्षकों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर सामने आया है। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस संबंध में हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा निदेशालय ने राज्य के पात्र शिक्षकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने का आग्रह किया है।

शिक्षा निदेशालय के अनुसार राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार उन शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए दिया जाता है, जिन्होंने अपने नवाचार, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों के माध्यम से विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया है तथा विद्यार्थियों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव छोड़ा है। पात्र शिक्षक राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार पोर्टल पर स्वयं नामांकन (सेल्फ-नॉमिनेशन) के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 जून से शुरू हो चुकी है और शिक्षक 10 जुलाई 2026 तक आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्रों का अंतिम सत्यापन और पुष्टि 13 जुलाई तक की जाएगी। निदेशालय ने शिक्षकों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले पोर्टल पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों का ध्यानपूर्वक अध्ययन करें, क्योंकि निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के चयन की प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होगी। जिला और क्षेत्रीय स्तर की चयन समितियां 14 से 21 जुलाई तक आवेदनों की समीक्षा करेंगी। इसके बाद राज्य और संगठन स्तर की चयन समितियां 22 से 29 जुलाई तक छंटनी का कार्य करेंगी। स्वतंत्र राष्ट्रीय जूरी 3 से 7 अगस्त तक अंतिम चयन प्रक्रिया को अंजाम देगी।

अंतिम रूप से चयनित शिक्षकों को 10 से 20 अगस्त के बीच सूचना दी जाएगी। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 का समारोह 4 और 5 सितंबर को आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा