हिमाचल में 14 मार्च को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, 62 हजार मामलों के निपटारे की तैयारी

 

शिमला, 03 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2026 की पहली राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 14 मार्च को किया जाएगा। यह लोक अदालत प्रदेश के सभी न्यायालयों में आयोजित होगी। आयोजन माननीय मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया के संरक्षण तथा न्यायाधीश विवेक सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार लोक अदालत के लिए विभिन्न अदालतों ने अब तक लगभग 62 हजार मामलों की पहचान कर ली है। इन मामलों के निपटारे के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं ताकि अधिक से अधिक पक्षकारों को शीघ्र न्याय मिल सके। अधिकारियों का कहना है कि लोक अदालत आपसी सहमति से विवाद सुलझाने का सरल और प्रभावी माध्यम है, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होती है।

इस बार ट्रैफिक मजिस्ट्रेट अदालतों में मोटर वाहन चालान मामलों के लिए ई-पे यानी ई-कोर्ट डिजिटल भुगतान की ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से लोग कंपाउंडिंग शुल्क घर बैठे जमा कर सकेंगे, जिससे प्रक्रिया और आसान हो जाएगी।

राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि लोक अदालत को सफल बनाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। आईईसी सामग्री का वितरण किया जा रहा है और स्थानीय निकायों, गैर सरकारी संगठनों, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों, पैरा लीगल वालंटियर्स तथा सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के माध्यम से लोगों तक जानकारी पहुंचाई जा रही है।

मामलों की प्रभावी पहचान और निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए सभी बार संघों, बीमा कंपनियों, बैंकों और वित्तीय संस्थानों के साथ नियमित बैठकें भी की जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा