रोटरी क्लब छोटी काशी मंडी ने आठ शिक्षकों को नेशन बिल्डर अवॉर्ड से नवाजा

 


मंडी, 06 सितंबर (हि.स.)। रोटरी क्लब छोटी काशी मंडी की ओर रविवार को आठ सरकारी स्कूल शिक्षकों को नेशन बिल्डर अवॉर्ड से सम्मानित किया। शिक्षा, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, सामाजिक सरोकारों और स्कूल स्तर पर उल्लेखनीय योगदान के लिए शिक्षकों को यह सम्मान प्रदान किया गया। सम्मानित होने वाले शिक्षकों में जीएसएसएस शिवाबदार के टीजीटी मेडिकल सुशील कुमार, जीएसएसएस बरोट की हिंदी प्रवक्ता निशा ठाकुर, जीएसएसएस साईगलू के कंप्यूटर साइंस प्रवक्ता दर्शन लाल, जीएसएसएस कटिंडी की हिंदी प्रवक्ता हर्षना बहल, राजकीय उच्च विद्यालय रत्ती की टीजीटी आर्ट्स सुषमा कुमारी, जीएसएसएस शिवाबदार के रसायन विज्ञान प्रवक्ता सुरेश कुमार, जीएसएसएस टांडू की अंग्रेजी प्रवक्ता सुनीता तथा राजकीय बीएसएल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बीबीएमबी कॉलोनी सुंदरनगर की टीजीटी गणित ज्योति शामिल रहीं। सभी शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके समर्पण, नवाचार, लंबे सेवाकाल और विद्यार्थियों के हित में किए गए कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत क्लब अध्यक्ष रोटेरियन अखिलेश भारती के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने रोटरी की सेवा भावना और समाज के विभिन्न वर्गों के लिए क्लब द्वारा किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला। इसके बाद रोटेरियन मुनीश सूद ने रोटरी संगठन, उसकी संरचना और सेवा कार्यों की जानकारी दी। रोटेरियन डॉ. अनुपमा सिंह ने नेशन बिल्डर अवॉर्ड के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक केवल विषय का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, संस्कार, संवेदनशीलता और जीवन में आगे बढ़ने का जज्बा भी पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव कक्षा में ही रखी जाती है। सम्मानित शिक्षकों में सुशील कुमार को गतिविधि आधारित एवं तकनीक आधारित शिक्षा के साथ शिक्षक प्रशिक्षण में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा