हमीरपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत में 10,633 केसों का निपटारा
हमीरपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। अदालतों में लंबित या प्री-लिटिगेशन के मामलों के त्वरित निपटारे के लिए शनिवार को जिला हमीरपुर के चारों न्यायिक परिसरों हमीरपुर, नादौन, बड़सर और भोरंज में भी राष्ट्रीय लोक अदालत लगाई गई।
जिला न्यायिक परिसर हमीरपुर में जिला एवं सत्र न्यायधीश और जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के अध्यक्ष पंकज शर्मा की अध्यक्षता में लगाई गई लोक अदालत में कई केसों की सुनवाई की गई तथा कई मामलों का त्वरित निपटारा कर दिया गया।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि जिले में राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान सुनवाई के लिए आए कुल 13,651 केसों में 10,633 का त्वरित निपटारा कर दिया गया। इन केसों में 1.76 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वसूली गई।
कुलदीप शर्मा ने बताया कि इनमें से प्री-लिटिगेशन के 1550 मामलों की सुनवाई हुई, जिनमें से 66 का निपटारा कर दिया गया। इनमें 9.65 लाख रुपये की राशि वसूल की गई। पोस्ट-लिटिगेशन के 912 मामलों में से 497 का निपटारा कर दिया गया और इनमें 1.37 करोड़ रुपये से अधिक राशि वसूली गई। मोटर वाहन अधिनियम के 11,189 केसों में से 10,070 केस निपटा दिए गए और इनमें 29.85 लाख रुपये की जुर्माना राशि वसूल की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला