नगर निगम मंडी ने किया पारंपरिक टारना माता शारदीय नवरात्रि मेले का आयोजन

 


मंडी, 18 अक्टूबर (हि.स.)। नगर निगम मंडी द्वारा अष्टमी के पावन अवसर पर पारंपरिक टारना माता शारदीय नवरात्रि मेले का श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ आयोजन किया गया। मेले में धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए विभिन्न पूजा-अर्चनाओं एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राजदेवता श्री राज माधव माधोराय मंदिर में पूजा अर्चना के साथ हुआ। तत्पश्चात बाबा भूतनाथ, सिद्धकाली एवं भैरवनाथ की पूजा-अर्चना की गई। इसके उपरांत श्री राज माधव मंदिर से टारना पौड़ियों होते हुए माता टारना मंदिर तक शोभा यात्रा निकाली गई।

इस अवसर पर माता टारना की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात कन्या पूजन एवं भजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल का उद्घाटन भी किया गया, जिससे स्थानीय समूहों को अपने उत्पादों एवं कार्यों को प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

इस धार्मिक आयोजन का उद्देश्य मंडी की समृद्ध सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं को संरक्षित करना तथा जनमानस में श्रद्धा, भक्ति एवं सामाजिक समरसता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। मेले के सफल आयोजन के साथ सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न हुए।

इस अवसर पर नगरनिगम की महापौर सुमन ठाकुर, उपमहापौर जितेंद्र शर्मा, वरिष्ठ पार्षद अलकनंदा हांडा, सरिता हांडा, निर्मल वर्मा, नर्बदा मोहन, कृष्णा ठाकुर, वीरेंद्र सिंह आर्य, नेहा कुमारी, रजनी शर्मा, रीता देवी , नगर निगम आयुक्त डॉ. मदन कुमार ने सभी श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों का सहयोग एवं सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। इसके साथ गैर सरकारी संगठनों एवं पूर्व पार्षदों ने बाद चढ़ कर भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा