नगर निगम मंडी के 15 वार्डों के नामांकन पत्रों की जांच , सभी नामांकन पाए गए सही
मंडी, 04 मई (हि.स.)। नगर निगम मंडी के सभी 15 वार्डों के पार्षद चुनावों के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया सोमवार को संपन्न हो गई। जांच के दौरान सभी नामांकन पत्र सही पाए गए हैं। 29, 30 अप्रैल और 2 मई को कुल 59 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे, जिनमें से छह प्रत्याशियों द्वारा दो-दो सेट भरे गए थे। नियमों के अनुसार इनका एक-एक सेट निरस्त कर दिया गया, जिससे अब कुल 53 वैध नामांकन पत्र शेष रह गए हैं।
सदर मंडी के वार्ड नंबर 1 से 13 तक के नामांकन पत्रों की जांच डीआरडीए हॉल में सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी नागरिक रूपिंद्र कौर की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान ऑब्जर्वर विजय कुमार भी उपस्थित रहे।
रूपिंद्र कौर ने बताया कि वार्ड 1 से 13 तक के लिए 46 प्रत्याशियों द्वारा कुल 52 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। इनमें से 6 प्रत्याशियों के अतिरिक्त सेट निरस्त किए गए, जबकि सभी 46 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र जांच में सही पाए गए।
उन्होंने बताया कि यदि कोई प्रत्याशी अपना नामांकन वापस लेना चाहता है तो वह 6 मई को दोपहर 3 बजे तक नामांकन वापस ले सकता है। इसके बाद चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
वहीं, वार्ड नंबर 14 बैहना और 15 दौंहदी के नामांकन पत्रों की जांच एसडीएम बल्ह कार्यालय में सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी की अध्यक्षता में की गई। इन दोनों वार्डों से कुल 7 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे और सभी नामांकन पत्र सही पाए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा