मंडी के तिरस्कार का खामियाजा भुगतेगी सुक्खू सरकार, नगर निगम चुनाव में खिलेगा कमल : जयराम ठाकुर
मंडी, 12 मई (हि.स.)। मौसम का पारा लगातार बढ़ने लगा है, उसी प्रकार छोटी काशी के नाम से विख्यात मंडी नगर निगम चुनावों की तपिश भी बढ़ गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी प्रचार अभियान के दौरान एक के बाद एक चार जनसभाओं को संबोधित करते हुए ठाकुर ने स्पष्ट किया कि मंडी की जनता के साथ हो रहे सौतेले व्यवहार का जवाब आगामी चुनावों में कांग्रेस को भुगतना होगा।
जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर क्षेत्रीय भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता परिवर्तन होते ही कांग्रेस सरकार ने मंडी के विकास को ठप करने का अभियान शुरू कर दिया था। मंडी की जनता से उनकी प्राथमिकताएं और विकास की योजनाएं चुन-चुनकर छीनी गई हैं। जिस शहर ने प्रदेश को अपना नेतृत्व दिया, उसे आज तिरस्कृत किया जा रहा है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी की जनता जागरूक है और इस अपमान का खामियाजा सुक्खू सरकार को चुनावों में हार के रूप में चुकाना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि नगर निगम मंडी में भाजपा एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।
पर्यटन के मुद्दे पर बोलते हुए जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस आह्वान का स्वागत किया, जिसमें उन्होंने देशवासियों से स्वदेशी पर्यटन स्थलों को वरीयता देने की बात कही है।
ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और पीएम के इस संदेश से उन अनछुए स्थलों को नई पहचान मिलेगी जो अब तक उपेक्षित रहे हैं। उन्होंने मंडी के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट शिवधाम का जिक्र करते हुए कहा, कि हमारी सरकार ने मंडी को धार्मिक पर्यटन का केंद्र बनाने के लिए शिवधाम का निर्माण शुरू कराया था, लेकिन वर्तमान सरकार ने द्वेष की राजनीति के चलते इसके काम को रोक दिया है। यदि यह प्रोजेक्ट पूरा होता, तो मंडी की आर्थिकी और पहचान वैश्विक स्तर पर और मजबूत होती। प्रचार के दौरान भाजपा को उस समय बड़ी मजबूती मिली जब मुस्लिम समुदाय के लगभग 20 लोगों ने कांग्रेस और अन्य दलों का साथ छोड़ भाजपा का दामन थामा।
जयराम ठाकुर ने उन्हें पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया। उन्होंने भगवाहन, मंगवाई, समखेतर, सनयार्ड और पैलेस-1 व पैलेस-2 जैसे वार्डों में सघन जनसंपर्क किया। जयराम ठाकुर ने कहा, कि गत चुनावों में हमने 15 में से 11 सीटों पर जीत दर्ज की थी। लेकिन इस बार जनता का उत्साह बता रहा है कि यह आंकड़ा और भी बड़ा होने वाला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा