नगर निगम ने स्वच्छता कर्मियों के साथ मनाया प्री-दीपावली समारोह, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए किया सम्मानित
मंडी, 05 नवंबर (हि.स.)। नगर निगम मंडी द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्री-दीपावली समारोह का आयोजन टाउन हॉल में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर नगर निगम के स्वच्छता कर्मियों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें उनके उत्कृष्ट कार्य, कड़ी मेहनत, निष्ठा एवं शहर की स्वच्छता के प्रति समर्पण को सराहा गया। समारोह में महापौर सुमन ठाकुर ने उपस्थित सभी स्वच्छता कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता कर्मी
नगर निगम की रीढ़ की हड्डी हैं। शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने में उनका योगदान अतुलनीय है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता कर्मी दिन-रात मेहनत कर शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखते हैं। विशेष रूप से कोरोना महामारी के कठिन दौर में जब हर कोई अपने स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर चिंतित था, उस समय भी स्वच्छता कर्मियों ने पूरी निष्ठा और साहस के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया तथा शहर को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महापौर ने कहा कि किसी भी शहर की सुंदरता और स्वच्छता केवल उसके विकास कार्यों से नहीं, बल्कि वहां कार्यरत स्वच्छता कर्मियों की मेहनत और जिम्मेदारी से भी निर्धारित होती है। उनके अथक प्रयासों के बिना शहर की सफाई व्यवस्था की कल्पना करना भी संभव नहीं है। सुबह से लेकर देर शाम तक विभिन्न क्षेत्रों, सड़कों, गलियों, सार्वजनिक स्थलों एवं बाजारों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए उनका योगदान सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम परिवार का प्रत्येक सदस्य महत्वपूर्ण है और स्वच्छता कर्मियों की भूमिका इसमें विशेष स्थान रखती है।
उन्होंने सभी स्वच्छता कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर निगम प्रशासन उनके योगदान को हमेशा सम्मान की दृष्टि से देखता है। इस प्रकार के आयोजन केवल सम्मान देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने, उनके कार्यों को पहचान देने तथा उनमें आपसी सहयोग और अपनत्व की भावना को मजबूत करने का भी माध्यम हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा